Hindi 1 MIN READ 10438 VIEWS February 4, 2023

आपके स्वास्थ्य के लिए रागी के फायदे

Written By HealthKart
Medically Reviewed By Dr. Aarti Nehra

अगर आप चाहते हैं कि आपका स्वास्थ बेहतर रहे तो उसके लिए आपको साग-सब्जियों के साथ अनाज का सेवन भी ज़रूर करना चाहिए। अगर आप अनाज का सेवन करते हैं तो इससे शरीर को जरूरी नुट्रिएंट्स मिलते हैं और साथ-साथ ये अनाज आपको कई बीमारियों से बचाए रखने में भी मदद कर सकते हैं। एक बात याद रखिये, जब बात अनाज की होगी तो फिर रागी को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है।

रागी एक अद्भुत इंग्रेडिएंट है जो गेहूं और चावल के बीच कहीं खो गया था। हालाँकि अब धीरे-धीरे लोग इसकी क़ीमत समझ रहे हैं और ये देसी सुपरफूड के रूप में सामने आ रहा है। भारत में रागी को आमतौर पर अलग अलग नामों से पुकारा जाता है। यह होल ग्रेन अनाज है जो ग्लूटेन फ्री है। साउथ इंडिया में इसका इस्तेमाल लगभग हर रोज़ ही किया जाता है। गेहूं और चावल की भीड़ में रागी बहुत ही सेहतमंद अनाज है। हो सकता है जब आप पहली बार रागी का सेवन करें तो ये आपको अच्छा ना लगे। लेकिन जैसे ही आप इसकी खूबियों और फायदों के बारे में जान जायेंगे फिर आप इसको अपनी डाइट में शामिल करने पर मजबूर हो जायेंगे। रागी के फायदे बहुत हैं। इसमें प्रोटीन, फाइबर, आयरन, कार्बोहाइड्रेट और मिनरल्स भरपूर मात्रा में पाया जाता है। यही वजह है कि आज यह सुपरफूड के नाम से जाना जाता है।  

रागी की खास बात ये है कि ये जब एक बार पक कर तैयार हो जाता है तो इसको गोदाम या घर पर रखना बेहद सुरक्षित होता है। एक बार पकने के बाद इस पर किसी भी प्रकार के कीट या फफूंद हमला नहीं कर पाते हैं। इसका यही गुण निर्धन किसानों के लिए एक अच्छा विकल्प माना जाता है। वो जब तक चाहें इसको रख सकते हैं और सही क़ीमत मिलने पर बेच सकते हैं।    

आमतौर पर रागी का आटा को गेहूं के आटे में मिलाकर प्रयोग में लाया जाता है और इसी रेपी को इस्तेमाल करके कई तरह के पकवान तैयार किए जाते हैं। उपमा, सूप, बिस्किट्स, डोसा आदि रागी से ही बनाए जाते हैं। आपने भी कभी ना कभी रागी के आटे से तैयार रोटी ज़रूर खाई होगी। शायद लोगों को नहीं पता या लोग सिर्फ रागी या मंडुआ के बारे में यही जानते हैं कि रागी का इस्तेमाल सिर्फ अनाज की तरह से किया जाता है। लेकिन रागी एक बहुमुखी और बहुत गुणी औषधि भी है। इसका उपयोग तमाम तरह की आयुर्वेदिक दवाओं में भी होता है और इससे कई तरह के रोगों का इलाज किया जाता है।  रागी विभिन्न प्रकार के मैक्रो और माइक्रो नुट्रिएंट्स, आवश्यक फैट, प्रोटीन, विटामिनस और मिनरल्स से भरपूर है।  

स्वास्थ में रागी के फायदे

रागी में बहुत से फायदे छिपे हुए हैं। रागी को लेकर आयुर्वेद में बहुत सी फायदे की बातें प्रचलित हैं। रागी जिसे मंडुआ भी कहते हैं, इसके सेवन से ज़्यादा प्यास नहीं लगती है।  इससे आप अपने शरीर की कमजोरी भी दूर कर सकते हैं। अगर आपके सीने में बलग़म जमा है तो आप रागी के इस्तेमाल से इससे भी छुटकारा पा सकते हैं। रागी के उपयोग से आपकी यूरिन डिजीज और शरीर की गंदगी भी साफ हो सकती है। यही नहीं बल्कि अगर आपके शरीर में जलन, स्किन डिसऑर्डर, किडनी और पथरी की समस्या से जूझ रहे हैं तो आप रागी का सेवन अवश्य करिये। रागी के सेवन से इस तरह की तमाम समस्यायों का समाधान संभव हो सकता है। आइये अब थोड़ा विस्तार से रागी के और भी फायदों की बात करते हैं।     

1. कैल्शियम से भरपूर

आपके शरीर को एक दिन में जितना कैल्शियम चाहिए, रागी का सेवन आपकी लगभग सारी आवश्यकता को पूरा करने के लिए पर्याप्त है। कैल्शियम के साथ-साथ रागी में फॉस्फोरस भी पाया जाता है जो कैल्शियम के साथ मिलकर आपकी हड्डियों और दांतों को मजबूत बनाता है। रागी का नियमित सेवन ऑस्टियोपोरोसिस को भी दूर रखने में मदद करता है और फ्रैक्चर के जोखिम को कम करता है। रागी एनीमिया को ठीक करने में भी सहायक होता है। 

2. आयरन से भरपूर

रागी प्राकृतिक आयरन का बहुत अच्छा स्रोत है। रागी में हाई कैल्शियम और आयरन होता है। जिसके कारण प्रेग्नेंट और फीड कराने वाली महिलाओं के लिए रागी अत्यधिक लाभदायक होता है। रागी से शरीर में एनर्जी लेवल भी बढ़ सकता है। शारीरिक काम ज्यादा करने वाले लोगों को अपनी डाइट में रागी को जरूर शामिल करना चाहिए। 

3. डायबिटीज में फायदेमंद

रागी के फायदे डाइबिटीज़ में भी होते हैं। आपको अगर डायबिटीज है तो आप अपने आहार में रागी को शामिल कर सकते हैं। एक शोध के अनुसार रागी में डायबिटीज विरोधी गुण पाए जाते हैं। ये गुण टाइप 2 डायबिटीज के खतरे को कम करने में सहायक हो सकते हैं। रागी मैग्नीशियम सामग्री से भरपूर होता है। मैग्नीशियम हमारे शरीर के इंसुलिन प्रतिरोध को कम करता है और इस प्रकार ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित रखने में मदद करता है।  

4. डाइजेशन में सहायक

रागी घुलनशील और अघुलनशील दोनों तरह के फाइबर से भरपूर होता है। अगर आप रागी का सेवन करते हैं तो यह फाइबर आपको लंबे समय तक भूख का एहसास नहीं होने देता है। रागी के इस्तेमाल से आपको कॉन्स्टिपेशन में भी राहत मिलती है।  

5. ग्लूटेन से मुक्त

जिन लोगों में गेहूं से संवेदनशीलता पाई जाती है उनके लिए रागी ग्लूटेन मुक्त होने के कारण एक अच्छा विकल्प है। इसके अलावा रागी उन लोगों के लिए व्यापक रूप से खाया जाने वाला अनाज है जो फिटनेस फ्रीक हैं या जो स्वस्थ भोजन पसंद करते हैं।  

6. बालों के लिए अच्छा

रागी के तमाम गुणों में एक ये भी है कि रागी बालों का झड़ना रोकने में मदद करता है। रागी बालों को समय से पहले सफ़ेद होने से भी बचाता है। ऐसा आमतौर पर टिशूज़ के ऑक्सीडेशन और उसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट के कारण होता है। रागी प्रभावी रूप से टिशूज़ को होने वाले नुकसान को रोकता है जिससे सफेद बालों की संभावना कम हो जाती है। 

7. एक बेहतर वीनिंग भोजन

रागी में हाई न्यूट्रिशनल कंटेंट मौजूद होता है। जिसके कारण रागी को एक उत्कृष्ट शिशु आहार माना जाता है। आप कह सकते हैं कि यह शिशुओं को सबसे पहले खिलाया जाने वाला अनाज है। 

8. एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर

चूँकि रागी एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होता है। इसलिए ये आपके शरीर को फ्री रेडिकल्स से लड़ने में मदद करता है। यही कारण है कि ये आपकी उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को भी धीमा करता है। वैसे एंटीऑक्सीडेंट कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम करने में मदद करते हैं।  

9. कैंसर रोकने में सहायक

रागी के फायदे बहुत हैं। रागी का एक बड़ा फायदा ये है कि ये कुछ हद तक कैंसर को रोकने में सहायक हो सकता है। असल में रागी में कुछ मात्रा में अमीनो एसिड पाए जाते हैं। इनके नाम हैं, मेथिओनिन सिस्टीन और लसिन। ये एमिनो एसिड कैंसर को रोकने में मदद कर सकते हैं। इसके अलावा डायटरी फाइबर की मदद से भी कैंसर को रोकने में मदद मिल सकती है। 

10. प्रोटीन से ओत-प्रोत

रागी में कई नुट्रिएंट्स पाए जाते हैं। प्रोटीन उन ज़रूरी नुट्रिएंट्स में से एक है। प्रोटीन आपकी मसल्स और हड्डियों को स्वस्थ रखने में अहम भूमिका निभाता है। इसके अलावा प्रोटीन से शरीर को एनर्जी भी प्राप्त होती है। इसलिए आपको अपनी डाइट में प्रोटीन को ज़रूर शामिल करना चाहिए। प्रोटीन से भरपूर आहार आपके शरीर के लिए बहुत लाभकारी है। 

11. कोलेस्ट्रॉल के लिए

रागी कोलेस्ट्रॉल कम करने में भी सहायक हो सकता है। कोलेस्ट्रॉल शरीर की कोशिकाओं में मौजूद होता है। शरीर को बेहतर ढंग से काम करने के लिए कोलेस्ट्रॉल की ज़रूरत पड़ती है। लेकिन अगर कोलेस्ट्रॉल लेवल अधिक है तो हृदय रोग का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में आपको रागी का सेवन करना चाहिए। इससे शरीर में कोलेस्ट्रॉल कम हो सकता है। रागी में मौजूद फाइटिक एसिड और डाइटरी फाइबर कोलेस्ट्रॉल कम करने में सहायक हो सकते हैं। 

12. हृदय के लिए फायदेमंद

रागी हृदय को स्वस्थ रखने के लिए भी फायदेमंद हो सकती है। दिल को स्वस्थ रखने के लिए रागी का उपयोग किया जा सकता है। रागी में आयरन और मैग्नीशियम जैसे नुट्रिएंट्स पाए जाते हैं। ये नुट्रिएंट्स हृदय रोग के जोखिम को कुछ हद तक कम कर सकते हैं। इसके अलावा यह कोलेस्ट्रॉल और ब्लड प्रेशर को भी नियंत्रित कर सकता है। ऐसे में अगर आप हृदय को स्वस्थ रखना चाहते हैं तो उसके लिए आपको रागी का सेवन शुरू कर देना चाहिए। 

कन्क्लूज़न

रागी का आटा आप सब के लिए बहुत फायदा कर सकता है। इसलिए आपको आज ही से अपनी डाइट में रागी को शामिल कर लेना चाहिए। अगर रागी खाने के फायदे होते हैं तो रागी खाने के नुकसान भी हैं। रागी में कैल्शियम भरपूर मात्रा में पाया जाता है। ऐसे में रागी के अधिक सेवन से गुर्दे की पथरी हो सकती है। इसके अलावा रागी में फाइबर भी होता है। हाई फाइबर से आपको पेट की समस्याएं जैसे गैस, सूजन और पेट में ऐंठन जैसी तकलीफें हो सकती हैं। हालाँकि रागी के फायदे के मुक़ाबले में इसके नुकसान बहुत कम हैं। आप अपना बहुत ध्यान रखियेगा।   

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read these next